गोमती नदी में नहाते समय डूबे युवक का शव बरामद

सुलतानपुर, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के खादर बसंतपुर स्थित मझौवा नई बस्ती के पास रविवार काे गोमती नदी में नहाने गया एक युवक डूब गया। युवक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पूर्वा हलियापुर निवासी राहुल कोरी (23) के रूप में हुई है। राहुल अपनी बहन के घर रिश्तेदारी में आया हुआ था।

रविवार को राहुल अपने पांच दोस्तों के साथ मझौवा नई बस्ती के पास गोमती नदी में नहाने गया था। नहाते समय राहुल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर तलाश शुरू की और साेमवार काे शव बरामद किया। थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने सोमवार को बताया कि स्थानीय गोताखोरों और अन्य संसाधनों की मदद से खोज अभियान चलाया गया । शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर