स्कूल हॉस्टल में छात्रा की मौत, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह

नदिया, 06 जून (हि.स.)। नदिया जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णनगर स्थित क्वींस हायर गर्ल्स स्कूल के छात्रावास के शौचालय से कक्षा एक की सात वर्षीय छात्रा संजना मंडल का शव बरामद किया गया।

संजना स्कूल के छात्रावास में रहती थी और नदिया जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के संध्यामठ पाड़ा की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार को ही अपने घर से वापस छात्रावास लौटी थी।

शनिवार सुबह स्कूल प्रशासन ने फोन कर उसके पिता को बेटी की मौत की सूचना दी। छात्रावास पहुंचने पर पिता अनिमेष कुमार साहा ने अपनी बेटी का शव शौचालय के अंदर पड़ा देखा।

पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत स्वाभाविक नहीं है। उनका कहना है कि बच्ची के हाथ पर चोट के निशान थे और उसकी हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर नदिया जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पिता द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, स्कूल प्रशासन ने इस घटना पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर