मुरादाबाद, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रुक्मणी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए ब्रास सिटी यूथ क्रिकेट क्लब चैम्पियनशिप मुकाबले में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ने स्काईलाइन की टीम को 92 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में रुक्मणी के गेंदबाज अम्मार अहमद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अम्मार अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्टर्स एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि रविवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बीच में बल्लेबाजों ने टीम को संभाल लिया। निर्धारित 30 ओवर में टीम 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अलीम चौधरी ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि हरेंद्र कुमार ने 20 व मो. सुबहान ने 16 रन बनाए। टीम को अतिरिक्त के रूप में 32 रन मिले।
स्काईलाइन की ओर से शोयब अली, अमरदीप और अंश पंडित ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए स्काईलाइन की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम संभल नहीं सकी। पूरी टीम 18.2 ओवर में 55 रन पर सिमट गई। इसमें सैय्यद फाज ने 15 और नाजिम पाशा ने 13 रन बनाए।
टीम को अतिरिक्त के रूप में 19 रन मिले, लेकिन वह हार का अंतर कम नहीं कर सके। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी की ओर से अम्मार अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। जबकि आयुष ने भी दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ निभाया। शानदार प्रदर्शन के लिए अम्मार अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

