लाल किला पर ‘जनजाति सांस्कृतिक समागम’ रविवार को, एक लाख लोगों के जुटने की संभावना; ट्रैफिक पुलिस ने बनाया विशेष प्लान
- DSS Admin
- May 23, 2026
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। राजधानी में रविवार को आयोजित होने जा रहे ‘जनजाति सांस्कृतिक समागम’ कार्यक्रम को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बड़े स्तर पर ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारी की है। लाल किला मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और कई शोभायात्राओं के कारण मध्य दिल्ली और पुरानी दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रह सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें, जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
कई स्थानों से निकलेंगी शोभायात्राएं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को बताया कि ‘जनजाति जागृति समिति’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत राजधानी के अलग-अलग इलाकों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं श्यामगिरि मंदिर, रामलीला मैदान, राजघाट, कुदेसिया पार्क और अजमेरी गेट से शुरू होकर लाल किला तक पहुंचेंगी। एक साथ कई स्थानों से बड़ी संख्या में लोगों के निकलने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक योजना तैयार की है।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक का दबाव
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, जीटी करनाल रोड, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, आसफ अली रोड और बुलेवार्ड रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इन मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने, वाहनों को डायवर्ट करने और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के मुताबिक प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि यातायात सुचारु बना रहे और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी जाने वालों के लिए विशेष व्यवस्थ
ट्रैफिक पुलिस ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी अलग ट्रैफिक योजना तैयार की है। पुलिस का कहना है कि इन स्थानों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को अलग-अलग मार्गों पर मोड़ा जा सकता है।
सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही लोगों से कहा गया है कि वे सड़क पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और ट्रैफिक एडवाइजरी पर नजर बनाए रखें।
पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह
पुलिस के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी चाहिए। विशेष रूप से पुरानी दिल्ली, लाल किला, चांदनी चौक, कश्मीरी गेट और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान स्थिति के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में लोगों से सहयोग करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
---------------

