हफ्ते में कम से कम एक दिन साइकिल जरूर चलाएंः पासवान

देवरिया, 18 मई (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री एवं बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ पेट्रोल और डीजल की बचत होगी, बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

केंद्रीय मंत्री पासवान ने सोमवार को रुद्रपुर में भाजपा कार्यकर्ता मनीष गुप्त के आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल और डीजल का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सहित सरकार के कई जनप्रतिनिधि भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम रख रहे हैं और ईंधन की बचत का संदेश दे रहे हैं। आम लोगों को भी इस दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि लोग सप्ताह में एक दिन साइकिल चलाने की आदत अपनाएं तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को देखते हुए साइकिल चलाना आज की जरूरत बन गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

------------

   

सम्बंधित खबर