पूर्व सांसद आनंद परांजपे शिवसेना (शिंदे समूह) में शामिल

मुंबई, 15 मई (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के प्रवक्ता और पूर्व सांसद आनंद परांजपे शुक्रवार को शिवसेना (शिंदे समूह) में शामिल हो गए। यह जानकारी शिवसेना शिंदे समूह के नेता और मंत्री उदय सामंत ने दी।

शिवसेना शिंदे समूह के नेता और मंत्री उदय सामंत ने पत्रकारों को बताया कि आनंद परांजपे ने आज उनकी पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस संबंध में पार्टी के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने राकांपा एपी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने के बाद निर्णय लिया है। इसलिए इससे महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) , राकांपा एपी और शिवसेना शिंदे समूह के गठबंधन के बीच किसी तरह की नाराजगी नहीं है।

उदय सामंत ने कहा कि आनंद परांजपे ने अपने राजनीति की शुरुआत शिवसेना से की थी, इसलिए परांजपे अब उनकी मूल पार्टी में आ गए हैं। मंत्री उदय ने कहा, इस बात पर सहमति बनी है कि गठबंधन में सहयोगी पार्टियां गठबंधन धर्म का पालन करें। हालांकि, अगर कोई पदाधिकारी अपनी मर्जी से पार्टी छोडऩा चाहता है, तो यह हमारी जिम्मेदारी है कि वह गठबंधन में ही रहे।

उल्लेखनीय है कि आनंद परांजपे राकांपा एपी में प्रवक्ता थे। परांजपे ने आज राकांपा एपी के सभी पदों का इस्तीफा दे दिया है और मुंबई में आयोजित सादे कार्यक्रम में शिवसेना शिंदे समूह में शामिल हो गए हैं। आनंद परांजपे ने राकांपा एपी के नेताओं के संदर्भ में कोई नाराजगी नहीं जताई है। उन्होंने कहा कि वे खुद अपनी मर्जी से शिवसेना शिंदे समूह में शामिल हुए हैं, उन्हें किसी भी नेता से कोई शिकायत नहीं है।

---------------

   

सम्बंधित खबर