एकलॉन 2026 में देवरिया मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने बढ़ाया मान
- DSS Admin
- May 17, 2026
देवरिया, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में स्थित महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में आयोजित एकलॉन 2026 के अंतर्गत नेक्सस जूनियर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। यहां के प्रतिभाशाली छात्रों ने पहला स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
यह प्रतियोगिता एमबीबीएस के तीनों चरणों से जुड़े विषयों पर आधारित बहुविषयक प्रश्नोत्तरी थी, जिसमें कुल 17 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रारंभिक चरण में देवरिया मेडिकल कॉलेज की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया तथा अंतिम चरण में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पूरी प्रतियोगिता में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इस उपलब्धि में श्रेयंश (एमबीबीएस बैच 2023) एवं स्वयम पाण्डेय (एमबीबीएस बैच 2024) ने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। दोनों छात्रों ने अपने ज्ञान, टीम भावना और उत्कृष्ट तैयारी का परिचय देते हुए सफलता हासिल की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल तथा विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने रविवार को दोनों छात्रों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए प्रेरणादायक है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
महाविद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
------------

