पत्नी की बैटरी से वारकर हत्या, तीन साल की बेटी को मां के पास छोड़ा, फिर सल्फास खाकर दी जान
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के रणहोला थाना क्षेत्र स्थित तिलंगपुर कोटला में घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। एक युवक ने कथित रूप से पत्नी के सिर पर बैटरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपनी तीन वर्षीय बेटी को मां के घर छोड़कर सल्फास की गोलियां खा लीं। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दो जुलाई को डीडी नंबर 119ए के जरिए सूचना मिली कि तिलंगपुर कोटला गांव में एक महिला पर उसके पति ने जानलेवा हमला किया है। सूचना मिलते ही रणहोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। किराये के मकान के भूतल पर रहने वाली निशा (23-24) खून से लथपथ हालत में मिली। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था। जांच में पता चला कि निशा की शादी करीब चार-पांच वर्ष पहले विनय (28) से हुई थी। दोनों अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ पिछले छह-सात महीने से तिलंगपुर कोटला में किराये पर रह रहे थे। विनय उत्तम नगर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विनय ने एक्साइड बैटरी से निशा के सिर पर कई वार किए। वारदात के बाद वह अपनी तीन वर्षीय बेटी को लेकर करीब 150 गज दूर कोटला विहार फेज-1 स्थित अपनी मां के किराये के मकान पर पहुंचा और बच्ची को वहां छोड़ दिया।
इसके बाद उसने अपनी बहन प्रिया को फोन कर बताया कि उसने शाम करीब छह बजे अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। उसने बहन से कहा कि उसकी पत्नी किसी से फोन पर बात कर रही थी, जिस पर उसे शक हुआ और उसने गुस्से में यह कदम उठा लिया। उसने यह भी बताया कि वह खुद सल्फास की गोलियां खा चुका है और बहन से निशा को देखने के लिए कहा।
प्रिया जब मौके पर पहुंची तो निशा को गंभीर हालत में पड़ा देखकर शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने निशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान विनय ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। रणहोला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर घटना के कारणों और पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। तीन वर्षीय बच्ची फिलहाल स्वजन की देखरेख में है।
---------------

