नगर निकाय चुनाव नतीजों ने सरकार के विकास कार्यों पर मुहर लगाई : केवल सिंह पठानिया
- DSS Admin
- May 19, 2026
शिमला, 19 मई (हि.स.)। डिप्टी चीफ व्हिप व कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में हुए नगर निकाय चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस सरकार के कामकाज और विकास कार्यों पर जनता की मुहर लगा दी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर भरोसा जताया है और कांग्रेस की नीतियों को समर्थन दिया है।
डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के नगर निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले की छह नगर निकायों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि पूरे प्रदेश में पार्टी को 29 नगर निकायों में सफलता मिली है। उनके मुताबिक भाजपा 16 नगर निकायों में ही जीत हासिल कर पाई।
पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले सवा तीन साल से जनहित और विकास को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं और फैसलों पर लोगों का भरोसा बढ़ा है और यही वजह है कि चुनावों में कांग्रेस को समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनावों से कभी नहीं डरती और पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों के परिणाम यह भी दिखाते हैं कि प्रदेश की जनता विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति के साथ खड़ी है। पठानिया ने दावा किया कि आने वाले नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस को जीत मिलेगी।
उन्होंने नगर निकाय चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव का “सेमीफाइनल” बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने इसमें बढ़त बनाई है और पार्टी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में 2027 में भी दोबारा सरकार बनाएगी।
---------------

