मंत्री रविंद्र इंद्राज ने किया 47.26 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को बवाना विधानसभा में 47.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें कंझावला रोड ड्रेन परियोजना (पंजाब स्वीट्स से रोहिणी सेक्टर-21/22 डिवाइडिंग रोड तक) तथा रोहिणी सेक्टर-20 एवं 21 ग्रामीण पुनरुद्धार परियोजना प्रमुख हैं। इस मौके पर दिल्ली के लोक निर्माण विभाग(पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह उपस्थित रहे।
मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कि बवाना विधानसभा दिल्ली देहात का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बवाना विधानसभा तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में बवाना विधानसभा क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपये की अतिरिक्त विकास परियोजनाएं भी प्रारंभ की जाएंगी, जिनसे क्षेत्र की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मंत्री रविंद्र इंद्राज ने कहा कि बवाना विधानसभा और दिल्ली देहात के विकास की रफ्तार अब रुकने वाली नहीं है। हमारी सरकार क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और आने वाले समय में बवाना को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं समृद्ध विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
---------------

