वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने विशेष एंटी एनक्रोचमेंट ड्राइव शुरू
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
15 जून तक चलेगा अंतर-परिक्षेत्रीय संयुक्त निरीक्षण एवं निगरानी अभियान
बलौदाबाजार, 3 जून (हि. स.)। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश अनुसार बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत वन भूमि पर अतिक्रमण की पहचान, रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से 1 जून से विशेष “एंटी एनक्रोचमेंट ड्राइव” संचालित किया जा रहा है।
15 जून तक संचालित होने वाले इस अभियान में वर्षा ऋतु प्रारंभ होने के पूर्व वन भूमि पर अतिक्रमण की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए वनमण्डल स्तर पर अंतर-परिक्षेत्रीय संयुक्त निरीक्षण दलों का गठन किया गया है जो विभिन्न वन परिक्षेत्रों में भ्रमण कर वन भूमि की स्थिति का परीक्षण करेंगे।
अभियान के दौरान गठित निरीक्षण दल वन सीमाओं, वनखण्डों एवं बीट क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण करेंगे तथा विशेष रूप से उन कक्षों एवं क्षेत्रों का परीक्षण किया जाएगा जिनकी सीमाएं ग्रामों अथवा कृषि भूमि से लगी हुई हैं। निरीक्षण के दौरान वन सीमाओं, मुनारों की स्थिति, वन भूमि पर संभावित अतिक्रमण, अवैध कटाई, अवैध उत्खनन एवं अन्य गतिविधियों का मूल्यांकन किया जाएगा।
अभियान अंतर्गत विभिन्न परिक्षेत्रों के अधिकारियों को अन्य परिक्षेत्रों में निरीक्षण हेतु नामित किया गया है, जिससे निष्पक्ष एवं प्रभावी मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित परिक्षेत्रों द्वारा आवश्यक अभिलेख, नक्शे, कक्ष इतिहास एवं अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे तथा बीटवार जानकारी का परीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान वन क्षेत्रों में मानवीय गतिविधियों, पशुओं के दबाव, खरपतवार की स्थिति, वन अधिकार मान्यता पत्रों की स्थिति एवं उनके सत्यापन सहित विभिन्न बिंदुओं का भी मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही वन सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों का संकलन भी किया जाएगा।
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा है कि वन भूमि एवं प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के माध्यम से वन क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी प्रकार के नवीन अतिक्रमण अथवा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिये हैं।
---------------

