दुर्गापुर में पूर्व बोरो चेयरमैन रामाप्रसाद हालदार गिरफ्तार, अदालत परिसर में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

पश्चिम बर्दवान, 03 जून (हि. स.)। दुर्गापुर नगर निगम के पूर्व बोरो चेयरमैन एवं पूर्व पार्षद रामाप्रसाद हालदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर अवैध वसूली, राजनीतिक अफवाह फैलाने, विरोधी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने तथा चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रामाप्रसाद हालदार के खिलाफ वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से जुड़े कई मामलों की जांच चल रही थी। आरोप है कि चुनाव से पहले और बाद में भी उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों को डराने-धमकाने, विरोधी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने तथा अवैध वसूली जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया।

बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि रामाप्रसाद हालदार बर्दवान की ओर से बुदबुद इलाके में आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

रामाप्रसाद हालदार दुर्गापुर नगर निगम के बोरो नंबर-2 के निवर्तमान चेयरमैन रह चुके हैं। साथ ही वे निगम के वार्ड नंबर-20 के पूर्व पार्षद भी थे। स्थानीय राजनीति में उन्हें तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता रहा है।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से जांच को आगे बढ़ाने और विभिन्न आरोपों की पड़ताल के लिए उनकी पुलिस हिरासत की मांग की है।

अदालत परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक वहां पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने रामाप्रसाद हालदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चोर-चोर के नारों से पूरा अदालत परिसर गूंज उठा। कई प्रदर्शनकारी उनके विरोध में जूते-चप्पल दिखाते हुए भी नजर आए।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सत्ता में रहते हुए पूर्व तृणमूल नेता ने अपने पद का दुरुपयोग किया और आम लोगों को परेशान किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।

---------------

   

सम्बंधित खबर