रांची, 01 जून (हि.स.)।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आगामी जनगणना को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का अभियान शुरू कर दिया है।
पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को संगठित और प्रशिक्षित करने की पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय सोमवार से राज्यव्यापी संगठनात्मक दौरे पर निकल गए हैं। पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार दो जून को चाईबासा, 03 जून को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां और 04 जून को सिमडेगा में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इन बैठकों में जिला, प्रखंड और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ बीएलए भी भाग लेंगे। विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो का लक्ष्य हर बूथ तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करना और संगठन को मजबूत बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों का राजनीतिक उपयोग कर रही है।
उन्होंने झारखंड के बकाया अधिकार, खनिज संपदा में हिस्सेदारी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और जनता से सीधा संवाद ही भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी जवाब होगा।
बैठकों में एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची सत्यापन और जनगणना से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
---------------

