दुर्गापुर में पूर्व पंचायत मंत्री प्रदीप मजूमदार के गोदाम से सरकारी राहत सामग्री बरामद

पश्चिम बर्दवान, 10 जून (हि. स.)। दुर्गापुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पूर्व पंचायत मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस नेता प्रदीप मजूमदार के एक गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद होने का आरोप लगाया गया है। इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि राहत सामग्री की कथित तौर पर हेराफेरी और बाहर भेजे जाने की सूचना मिलने पर उन्होंने एक मालवाहक वाहन का पीछा किया। आरोप है कि गोदाम से विभिन्न सामान एक छोटे मालवाहक वाहन में लादकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक कार्यक्रम में जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की नजर वाहन पर पड़ी और उन्हें संदेह हुआ।

भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, जब वाहन का पीछा किया गया तो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद कार्यकर्ता संबंधित गोदाम तक पहुंचे, जहां उन्हें बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़े दस्तावेज, फाइलें तथा मतदाता सूची जैसी सामग्री मिली।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि बरामद सामग्री सरकारी राहत योजना से जुड़ी है या नहीं तथा उसे गोदाम में किस उद्देश्य से रखा गया था।

घटना को लेकर भाजपा ने राहत सामग्री की कथित तस्करी और दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जबकि मामले में संबंधित पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर