धमतरी : बठेना वार्ड की समस्याओं को लेकर पार्षद व वार्डवासियों ने महापौर रोहरा से की मुलाकात
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
धमतरी, 12 जून (हि.स.)। बठेना वार्ड की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर वार्ड पार्षद एवं वार्डवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए बताया कि कई आवश्यक विकास कार्य लंबे समय से लंबित हैं, जिसके कारण आम नागरिकों को दैनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण के साथ-साथ आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराए जाने की मांग की। महापौर रामू रोहरा ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा बठेना वार्ड की समस्याओं का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्यामलाल नेताम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

