साकेत बिल्डिंग हादसे पर आआपा पार्षदों ने साउथ जोन के डीसी का किया घेराव, निलंबन की मांग
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। साकेत बिल्डिंग हादसे में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) राकेश कुमार के निलंबन की मांग को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) ने डीसी ऑफिस का घेराव किया।
एमसीडी के सह प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में आयोजित घेराव में साउथ जोन के सभी आआपा पार्षद शामिल हुए और डीसी से जवाबदेही की मांगी की। डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में मौजूद नही रहें। अधिकारियों की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के विरोध में पार्षदों ने उनके कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और साउथ जोन के निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया।
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि साउथ जोन के सभी पार्षदों ने डीसी कार्यालय का घेराव कर डीसी राकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस ग़ैर कानूनी बिल्डिंग के बारे में बार-बार शिकायत डीसी को भेजी गई, मगर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। डीसी की निष्क्रियता के कारण ही अवैध निर्माण होने के चलते पांच मंजिला इमारत ढह गई।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि साकेत इमारत हादसे और साउथ जोन में चल रहे अवैध निर्माण के खिलाफ शिकायत देने आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि आआपा मांग करती हैं कि साकेत हादसे के सभी दोषी अधिकारियों के साथ-साथ अवैध निर्माण को संरक्षण देने वाले डिप्टी कमिश्नर को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।
एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि साउथ जोन में डीसी के संरक्षण में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि साकेत में बिल्डिंग गिरने से कई मासूम लोगों की जान चली गई। इसके लिए भ्रष्ट अधिकारी और भ्रष्ट सरकार जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि यह बिल्डिंग 2015 में बुक हो चुकी थी और उच्च न्यायालय में केस चल रहा था। इसके बावजूद पुरानी बिल्डिंग के ऊपर दो नए लेंटर डाले गए और बेसमेंट खोदी गई। इसी वजह से पूरी बिल्डिंग एक कैंटीन के ऊपर गिर गई, जिससे कई प्रतिभाशाली छात्रों की जान चली गई। प्रवीण कुमार ने कहा कि इस पूरे मामले की एसआईटी के जरिए जांच होनी चाहिए।
प्रवीण कुमार ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं है, अगर इसे नहीं रोका गया तो आगे भी ऐसे हादसे होंगे। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि डीसी को तत्काल रूप से बर्खास्त किया जाए। सिर्फ जेई और एई जैसे निचले स्तर के अधिकारियों को निलंबित करके खानापूर्ति करने से काम नहीं चलेगा। कमिश्नर तक के बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर पार्षद राजीव चौधरी, कृष्णा जाखड़, पिंकी नरेश त्यागी, राजबाला टॉक्स, अरुण नवारिया, गीता कुमारी, रेखा महेंद्र चौधरी, रामस्वरूप कनौजिया, आशु कुमारी, भागवीर पहलवान समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------

