अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन 21 जून को, विधायक अजय चंद्राकर करेंगे शिरकत
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
धमतरी, 17 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला मुख्यालय स्थित हरदिहा साहू समाज भवन, रत्नाबांधा रोड में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व पर अपने विचार रखेंगे तथा सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगे। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का नामांकन किया गया है, जिसके तहत धमतरी जिले के आयोजन के लिए विधायक अजय चंद्राकर को नामित किया गया है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन के सफल संचालन हेतु जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपाराम ठाकुर को नोडल अधिकारी तथा उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसके माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की दिशा प्रदान करता है।

