जिलाधिकारी ने जल-जीवन मिशन की समीक्षा में फर्मों को लगाई फटकार
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
महोबा, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने मंगलवार को अधिकारियों और संबंधित फर्मों को नियमित जलापूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी में ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत चल रही परियोजनाओं शिवहार, धवर्रा-सिजवाहा, लहचूरा-काशीपुरा, सलइया नथुपुरा और कबरई ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के कार्यों की गहन समीक्षा की। हर योजना में चल रहे काम और गांवों में हो रही पानी की सप्लाई का फीडबैक लिया।
इस दौरान डीएम ने कहा कि गर्मी में ग्रामीणों को पानी के लिए तरसना पड़े, ये अब बर्दाश्त नहीं होगा। डीएम ने बैठक में कार्यदायी संस्थाओं को दो टूक चेतावनी दी देते हुए कहा कि गांवों में नियमित जलापूर्ति नहीं हुई तो संबंधित फर्मों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।
समीक्षा बैठक में डीएम ने धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना में लापरवाही बरतने पर नाराजगी जाहिर की। डीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर को तुरंत मैन पावर और मशीनरी बढ़ाकर सभी बचे हुए रोड रेस्टोरेशन यानी पैच वर्क को जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि योजना के सभी गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करें। आदेश न मानने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी प्रोजेक्ट मैनेजरों को आदेश दिया कि ग्रीष्म ऋतु में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या का तत्काल समाधान करें। हर गांव में तय समय पर पानी पहुंचे ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो और उन्हें जल जीवन मिशन का पूरा लाभ मिले।
बैठक में डीएम ने जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित शिकायतों और असंतुष्ट फीडबैक को लेकर भी सभी कार्यदायी संस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने 2026 तक की सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तुरंत करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम और संबंधित फर्मों के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद रहे हैं।
---------------

