जनता दर्शन में दिखी जिलाधिकारी की संवेदनशीलता, छात्र का बढ़ाया उत्साह
- DSS Admin
- May 19, 2026

- जिलाधिकारी के सवालों का छात्र ने दिया उत्तर
देवरिया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की संवेदनशील कार्यशैली मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में देखने को मिली। जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंची एक असहाय महिला की समस्या सुनने के साथ ही जिलाधिकारी ने उसके पुत्र का उत्साहवर्धन कर उसे शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
तरकुलवा विकासखंड के ग्राम सोनहुला रामनगर निवासी प्रभावती देवी अपने पुत्र नीरज के साथ जनता दर्शन में जिलाधिकारी के पास पहुंचीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पड़ोसियों ने उनके आवागमन का रास्ता अवरुद्ध कर दिया है, जिससे परिवार को काफी परेशानी हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
इसी दौरान जिलाधिकारी की नजर महिला के पुत्र नीरज पर पड़ी। बातचीत में नीरज ने बताया कि वह कक्षा पांच का छात्र है और सरकारी विद्यालय में पढ़ाई करता है।
जिलाधिकारी ने उससे गणित के कुछ सवाल पूछे, जिनका नीरज ने सही उत्तर दिया। इससे खुश होकर जिलाधिकारी ने उसका मनोबल बढ़ाया और उसे पूरी लगन व मनोयोग से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे व्यक्ति समाज व देश की प्रगति में योगदान दे सकता है।
जनता दर्शन में सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम मुंडाडीह निवासी असगर अली ने भी जमीन विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को मामले की जांच कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों और लेखपालों के कार्यों पर प्रभावी निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-----------

