बाइक साइड करने की कहासुनी में नाबालिग पर चाकू से हमला

जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में बाइक साइड करने की मामूली कहासुनी खूनी झगड़े में बदल गई। विवाद के दौरान एक युवक ने 16 वर्षीय नाबालिग के गले और पेट पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल नाबालिग को पुलिस की मदद से एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

हेड कांस्टेबल गजानन्द ने बताया कि उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कोतवाली क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय युवक ने मालपुरा गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने 16 वर्षीय भाई के साथ सांगानेर स्थित ईदगाह रोड पर रहता है। देर रात उसका भाई शनि बाजार क्षेत्र में रहने वाले अपने एक दोस्त से मिलने गया था। रात करीब 11:15 बजे कॉलोनी में बाइक साइड करने की बात को लेकर उसकी एक युवक से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्साए युवक ने चाकू निकालकर पहले नाबालिग के गले पर वार किया। नाबालिग ने बचाव किया तो आरोपित ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगने से नाबालिग गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने नाबालिग के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर