उत्तर बंगाल में भारी बारिश की आशंका, मंत्री डॉ अजय पोद्दार ने की वर्चुअल बैठक
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
कोलकाता, 19 जून (हि. स.)। उत्तर बंगाल के पर्वतीय और संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित भारी वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय वर्चुअल समीक्षा बैठक की।
बैठक में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग जिलों में संभावित भारी बारिश से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन, मशीनरी और जनशक्ति पूरी तरह तैयार रखी जाए। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक का समन्वय विभाग की सचिव अंतरा आचार्य ने किया। उन्होंने मंत्री को जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
मंत्री डॉ. पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा और सार्वजनिक सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि संभावित भारी वर्षा के दौरान सड़कों, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस वर्चुअल बैठक में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, विभागीय सचिव अंतरा आचार्य, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार एवं कालिम्पोंग के जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

