डीटीसी ने 90 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक 'पिंक सहेली कार्ड' जारी करने का तेज रोल-आउट कीर्तिमान किया स्थापित

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी ) ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पिंक सहेली नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के 10 लाख से अधिक कार्ड जारी कर दिए हैं। यह उपलब्धि कार्ड के लॉन्च के मात्र 90 दिनों के भीतर हासिल की गई है, जिसे देश में डिजिटल सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के सबसे तेज विस्तारों में से एक माना जा रहा है।

2 मार्च को शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य दिल्ली की महिला यात्रियों को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा के लिए आधुनिक, डिजिटल और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) ढांचे पर आधारित है, जिससे महिलाएं न केवल डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं, बल्कि इसे रिचार्ज कर दिल्ली मेट्रो, आरआरटीएस और अन्य एनसीएमसी सक्षम परिवहन सेवाओं में भी उपयोग कर सकती हैं।

इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 90 दिनों से भी कम समय में 10 लाख से अधिक पिंक सहेली कार्ड महिलाओं तक पहुंचाना सरकार और परिवहन विभाग की बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक यात्रा कार्ड नहीं, बल्कि सुविधा, सशक्तिकरण और एकीकृत मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम है। हमारी माताओं और बहनों तक यह सुविधा पहुंची है, यही सबसे बड़ी संतुष्टि की बात है।

पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली में 73 वितरण केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 11,000 कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मांग बढ़ती है तो सरकार और डीटीसी इस योजना के दायरे और क्षमता को और बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

सिंह ने कहा कि इस पहल से प्राप्त डिजिटल डेटा सार्वजनिक परिवहन की बेहतर योजना बनाने में मदद करेगा। इससे बसों की तैनाती, रूट ऑप्टिमाइजेशन, अंतिम मील कनेक्टिविटी और डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को मजबूत किया जा सकेगा।

इस दौरान डीटीसी ने आईआईटी कानपुर की एयरावत रिसर्च फाउंडेशन (एआरएफ) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत दिल्ली ट्रांसपोर्ट स्टैक और वन दिल्ली ऐप के संचालन, रखरखाव और उन्नयन का कार्य किया जाएगा।

यह सहयोग वन दिल्ली ऐप, ओएनडीसी आधारित बस टिकटिंग और अन्य डिजिटल यात्री सेवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाएगा।

परिवहन मंत्री ने कहा कि यह साझेदारी दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को अधिक स्मार्ट, तकनीक-संचालित और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और आधुनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

   

सम्बंधित खबर