कोलकाता, 15 मई (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां तृणमूल कांग्रेस के पूर्व काउंसिलरों पर पुलिस ने लगातार कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के तहत पूर्व काउंसिलर मानस राय को एक बार फिर गिरफ्तार किया गया है। उन पर अवैध वसूली और आर्थिक धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं। इससे पहले भी पुलिस उन्हें उनके बेटे के साथ इसी तरह के मामलों में गिरफ्तार कर चुकी थी।
बताया जा रहा है कि चुनाव परिणाम आने के बाद मानस राय ने तृणमूल के खिलाफ खुलकर बयानबाजी की थी और पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था, लेकिन इसके बावजूद कानूनी कार्रवाई से उन्हें राहत नहीं मिल सकी। गुरुवार रात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और शुक्रवार को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया।
इसी कड़ी में शहर के एक और पूर्व तृणमूल काउंसिलर हेरा बाउरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फरीदपुर के रहने वाले हेरा बाउरी पर भी लंबे समय से रंगदारी वसूली और दबंगई के कई आरोप लगे हुए थे।
राज्य में सरकार बदलने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से रंगदारी वसूली और गुंडागर्दी के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के संकेत पहले ही दे दिए गए थे। अब उसी के तहत जिले में लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। इन गिरफ्तारियों के बाद स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है और वे इसे कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
---------------

