दुर्गापुर में छिपा कुख्यात अपराधी, पीके की गिरफ्तरी से कई बड़े खुलासों की उम्मीद

पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। भाटपाड़ा पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी शाहजहां अली उर्फ सिराज अहमद उर्फ पीके को दुर्गापुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की जांच में जुट गई है।

सोमवार को भाटपाड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी शाहजहां अली उर्फ सिराज अहमद उर्फ पीके को दुर्गापुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित कई गंभीर मामलों में वांछित बताया जा रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, हथियारों से जुड़े अपराध और धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। बताया गया कि वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। सूचना पाकर भाटपाड़ा पुलिस ने विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की और दुर्गापुर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। गोपनीय तरीके से अभियान चलाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की मांग की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपित को किन लोगों का सहयोग मिल रहा था और वह इतने दिनों तक किन जगहों पर छिपा रहा।

स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर