कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपित ने की हत्या, दोनों एक ही बैरक में थे
अजमेर, 29 जून(हि.स.)। अजमेर के हाई सिक्योरिटी जेल में बंद डकैत जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई है। भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपित विष्णु पर जगन गुर्जर की हत्या का आरोप है। दोनों हार्ड कोर बंदी एक ही बैरक में होना बताए जा रहे हैं।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने इसकी पुष्टि करते हुए बताय कि सोमवार दोपहर 11 से 3 बजे के बीच बैरक बंद होने के समय ड्यूटी स्टाफ राउंड पर आया था तब बैरक खोली तो डकैत जगन गुर्जर की बॉडी पड़ी थी और उसका साथी अंदर था। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के अनुसार डकैत जगन गुर्जर करीब 27 साल पहले 1994 में अपराध की दुनिया में आया था। उसका ऐसा डर था कि गावों में शादियां होनी बंद हो गई थीं। उसके खुद के गांव में 10 साल तक कोई शादी नहीं हुई थी। उसकी दहशत से उसके पिता भी गांव छोड़कर चले गए थे। जगन गुर्जर ने अपने जीजा के हत्यारों को भी जान से मार डाला था। चौरफा बीहड़ों से घिरे धौलपुर के डांग क्षेत्र में उसने अपना ठिकाना बनाया था।
जगन गुर्जर पर आरोप है कि 2019 महिलाओं से मारपीट और दुव्र्यवहार करने के अलावा धौलपुर जिले के करनपुर सायका पुरा गांव में दो महिलाओं से मारपीट कर उन्हें निर्वस्त्र कर गांव में धुमाया था। जगन पर एक पुलिस कर्मी की भी हत्या का आरोप लगा था। जगन गुर्जर ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे का धौलपुर महल उड़ाने की भी धमकी दी थी। गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान दी गई इस धमकी के बाद पुलिस ने उस पर 11 लाख का इनाम भी रखा था।
सिविल लाइन थाने से मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी शंभुसिंह एवं अन्य आला अधिकारी अभी मौके पर ही हैं। अभी किसी तरह की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। मृतक के शव को भी अभी पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के लौटने के बाद आगे की कार्रवाई संभव होगी।
---------------

