डानकुनी में जलजमाव से लोगों का जीवन बेहाल, बारिश के बाद घरों तक पहुंच रहा नाले का पानी
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
हुगली, 22 जून (हि. स.)। डानकुनी नगर पालिका के वार्ड संख्या 13 में जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि थोड़ी-सी बारिश होते ही पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है और कई दिनों तक पानी नहीं निकलता।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की बारिश के बाद भी सड़कों पर पानी भर जाता है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है और वही पानी घरों के भीतर तक पहुंच जाता है। कई परिवारों को जलभराव के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। घरों में पानी घुसने के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
निवासियों का आरोप है कि जलजमाव के कारण कई इलाकों में गंदगी और कूड़े-कचरे का अंबार लग गया है। इससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार स्थानीय पार्षद और नगर पालिका प्रशासन को समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि इलाके में एक समय तृणमूल कांग्रेस का पार्टी कार्यालय भी था, लेकिन उससे भी समस्या का समाधान हुआ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। वर्तमान में डानकुनी नगर पालिका में प्रशासक नियुक्त हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। उनका सवाल है कि आखिर उन्हें जलजमाव और गंदगी की इस परेशानी से स्थायी राहत कब मिलेगी।
बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ ही वार्ड संख्या 13 की यह समस्या एक बार फिर सामने आने से नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
---------------

