
पत्नी का रक्तरंजित शव बिस्तर पर, पति फंदे से लटका मिला
कोलकाता, 20 मार्च (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के गड़िया इलाके में एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। किराए के मकान के एक ही कमरे से दोनों के शव बरामद हुए। पति का शव छत से लटका मिला, जबकि पत्नी का रक्तरंजित शव बिस्तर पर पड़ा था। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय तरुण दास और उनकी 35 वर्षीय पत्नी आशा दास के रूप में हुई है।
यह दंपति गड़िया के आदर्श पल्ली इलाके में गुरु पद मंडल के मकान में किराए पर रहते थे। उनके दो बच्चे भी हैं। दोनों पति-पत्नी कामकाजी थे। इसी मकान में आशा दास की बहन भी अपने परिवार के साथ किराए पर रहती थी। आशा की बहन के बेटे ने ही स्कूल से लौटने पर सबसे पहले अपने मामा-मामी के शव देखे और पड़ोसियों को सूचना दी।
पड़ोसियों के अनुसार, यह दंपति खुशमिजाज था और अक्सर हंसी-मजाक करता था। कभी किसी ने उनके बीच झगड़ा होते नहीं देखा। बुधवार को भी वे काम से लौटने के बाद पड़ोसियों से हंसी-मजाक कर रहे थे और साथ में खाना खाया। इसके तुरंत बाद यह घटना घटी। पुलिस को संदेह है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। घटना की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर