सात दशक बाद नियोरा वैली नेशनल पार्क में कस्तूरी हिरन की मौजूदगी दर्ज
- Admin Admin
- Nov 26, 2025
कोलकाता, 26 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले में स्थित नियोरा वैली नेशनल पार्क में लगभग सात दशक बाद कस्तूरी हिरन कैमरे में कैद हुआ है। वन विभाग द्वारा लगाए गए गोपनीय कैमरे में इसकी तस्वीर सामने आते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। राज्य में कस्तूरी हिरन की आखिरी उपस्थिति 1955 में दर्ज हुई थी।
उत्तर बंगाल के मुख्य वनसंरक्षक भास्कर जे. वी. ने बताया कि वाइल्डलाइफ इंस्टिट्यूट आफ इंडिया द्वारा दो वर्ष तक किए गए सर्वेक्षण में नियोरा वैली के वनों में कस्तूरी हिरन की मौजूदगी के संकेत मिले थे। इसके बाद पहाडी क्षेत्रों में लगभग 50 ट्रैप कैमरे लगाए गए, जिनमें से एक में यह दुर्लभ प्रजाति दिखाई दी।
वन अधिकारियों का कहना है कि इस विषय पर और शोध की आवश्यकता है। विशेष रूप से यह पता किया जा रहा है कि यह किस प्रजाति का हिरन है और इनकी संख्या कितनी है। वन विभाग के अनुसार कस्तूरी हिरन को राज्य में आखिरी बार दार्जिलिंग के सिंगालिला नेशनल पार्क में 1955 में देखा गया था।
वाइल्डलाइफ इंस्टिट्यूट आफ इंडिया ने 2023 से 2024 के बीच नियोरा वैली में रेड पांडा गणना के लिए सर्वेक्षण किया था। समुद्र तल से 3112 मीटर की ऊंचाई वाले इस क्षेत्र में 17 दिसंबर 2024 को लगाए गए ट्रेल कैमरे में कस्तूरी हिरन की तस्वीर दर्ज हुई।
कस्तूरी हिरन को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ की आईसीयूएन रेड लिस्ट में संकटग्रस्त श्रेणी में रखा गया है। नियोरा वैली के अलावा देश में अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, सिक्किम और उत्तराखंड के वनों में भी कस्तूरी हिरन पाए जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



