
नई दिल्ली, 16 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने आज अपना 78वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर रविवार काे किंग्स्वे कैंप के परेड ग्राउंड में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और दिल्ली पुलिस के आयुक्त संजय अरोड़ा की उपस्थिति में भव्य परेड का आयोजन किया गया।
इस मौके पर गृह राज्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल में से एक है और यह अपराध नियंत्रण में मानदंड कायम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस साइबर अपराधों का सक्रियतापूर्वक समाधान कर रही है। नित्यानंद राय ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा में दिल्ली पुलिस की भूमिका की सराहना की।
यह बल संगठित अपराध व साइबर अपराध से निपटने तथा महिलाओं की सुरक्षा को बेहतर बनाने हेतु मजबूत स्तंभ के रूप में कार्य कर रहा है। साइबर क्राइम एक चुनौतियां हैं लेकिन दिल्ली पुलिस बड़ी तत्परता से उसमें काम कर रही है।
वहीं दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने दिल्ली पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर सभी अतिथियों को बधाई दी। उन्हाेंने कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने आगे कहा कि दिल्ली पुलिस कानून और व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हाेंने कहा कि पिछले वर्ष दिल्ली पुलिस ने कुल 10,860 धरना प्रदर्शनों को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला। इसी प्रकार, लोकसभा के आम चुनाव और दिल्ली विधानसभा के चुनाव भी शांतिपूर्ण और पेशेवर तरीके से संपन्न हुए।
पुलिस आयुक्त ने इस बात पर जाेर डालते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस की पहली प्राथमिकता अपराधों को रोकना है, जिसके लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं इसके परिणामस्वरूप वर्ष 2024 में जघन्य अपराधों में वर्ष 2022 की तुलना में 4 प्रतिशत की कमी और वर्ष 2023 की तुलना में 1.5 प्रतिशात की कमी आई है। वर्ष 2022 और 2023 की तुलना में इसी अवधि के दौरान डकैती, स्नैचिंग और महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़ के मामलों में भी कमी आई है।
वहीं कार्यक्रम के दाैरान गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने 44 पुलिस कर्मियों को वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किए।
इतना ही नहीं मुख्य अतिथि द्वारा सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने की ट्रॉफी भी प्रदान की गई। इंस्पेक्टर रामपाल को अंबेडकर नगर थाने के लिए सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन की ट्रॉफी मिली, जबकि इंस्पेक्टर संजीव डोडी और आदेश प्रकाश को क्रमशः कीर्ति नगर थाने और जामा मस्जिद थाने के लिए एसएचओ के रूप में संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान की ट्रॉफी मिली। तीसरे स्थान की ट्रॉफी इंस्पेक्टर को मिली। मनीष कुमार को थाना आनंद विहार के लिए नियुक्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी