जींद :अब ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर शुरू की दो हड़ताल
- DSS Admin
- May 15, 2026
जींद, 15 मई (हि.स.)। शहरी निकाय सफाई कर्मियों की हडताल समाप्त होते ही अब ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार से अपनी मांगों को लेकर लघु सचिवालय में दो दिवसीय हडताल शुरू की। धरने की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के जिला प्रधान गुलाब बिरौली व संचालन जिला सचिव पवन कुमार ने किया। हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हड़ताली कर्मियों को संबोधित करते हुए सीटू जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र, सचिव कपूर सिंह, मंदीप नेहरा ने कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश की अनदेखी कर रही है। 31 दिसंबर 2025 के आदेशानुसार 10 साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को पक्का किया जाना था, जिसे सरकार ने अब तक लागू नही किया है। उन्होंने बताया कि वेतन 24 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 26 हजार मासिक वेतन को एकमुश्त लागू करने के बजाय टुकड़ों में बांटने की कोशिश की जा रही है लेकिन ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को तो आज तक कुछ नहीं मिला है।
उन्होंने मांग की कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को विधानसभा में बिल बना कर रेग्यूलर कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। वेतन को महंगाई भत्ते से जोड़ा जाए और सालाना तीन प्रतिशत की बढ़ोत्तरी सुनिश्चित हो। सेवानिवृत्ति पर 10 लाख की सहायता राशि और मृत्यु होने पर परिवार के सदस्य को नौकरी एक्सग्रेशिया नीति दी जाए। बढ़ती आबादी के अनुसार 400 की आबादी पर एक स्थायी सफाई कर्मचारी की भर्ती हो। आठ हजार वार्षिक वर्दी भत्ता और दिवाली पर कानूनी बोनस प्रदान किया जाए। इस मौके पर सुल्तान दुड़ाना, ब्लॉक जुलाना के प्रधान मनफूल खरेंटी, विनोद बिघाना आदि ने विचार व्यक्त किए।
---------------

