सपा प्रमुख अखिलेश यादव को एनएसजी सुरक्षा देने की मांग, कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

वाराणसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को एनएसजी सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शास्त्री घाट (कचहरी) पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एमएलसी आशुतोष सिन्हा और सपा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़' ने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसे जनता का अपार समर्थन प्राप्त है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार देश और प्रदेश में दौरा करते हैं। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार सपा प्रमुख की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। अब तक उन्हें एनएसजी कमांडो जैसी विशेष सुरक्षा नहीं प्रदान की गई है। यदि जल्द ही यह सुरक्षा उन्हें नहीं दी गई तो पार्टी कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक आवाज बुलंद करेंगे और आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में महिला नेत्री रीबु श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, राहुल सोनकर, आर.डी. मिश्रा, महेंद्र सिंह यादव, राहुल गुप्ता, आयुष यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी