नगरी नगर पंचायत अध्यक्ष छाबड़ा ने कलेक्टर से की पुल बनाने की मांग
- Admin Admin
- May 06, 2025

धमतरी, 6 मई (हि.स.)। धमतरी जिले के नगरी ब्लाक के नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा द्वारा नगर के विभिन्न विकास के मुद्दे को लेकर धमतरी कलेक्टर से चर्चा की गई। उनके द्वारा नगर के हित को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्वीकृति के लिए गए पत्र को पुनः उनको संप्रेषित कर अमल करते हुए कार्यवाही के लिए आग्रह किया।
बलजीत छाबड़ा ने बताया कि, महानदी कल-कल कर बहती हुई पुरानी बस्ती को छूते हुए आगे बढ़ती है, वहां पर पुल की नितांत आवश्यकता है। पुल की लगभग 25 वर्षों से मांग की जा रही है। उक्त गंभीर समस्या को लेकर जिला प्रशासन से बात की गई। कलेक्टर के संज्ञान में लाया गया मां अभियान के तहत सुंदरीकरण के बिंदु में अंकित है। उक्त पुल बन जाने से सैकड़ों किसानों की समस्या क्षण भर में समाप्त हो जाएगी। नगर पंचायत नगरी की इस पहल पर नगरवासियों ने नए कलेक्टर की प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि निसंदेह प्रशासन उक्त समस्या की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पूरी करेंगे।
किसान संतोष निषाद, पवन किरण ,गोलू ध्रुव, रविंद्र गौर ने बताया कि यहां पुल की नितांत आवश्यकता है। यह पुल इस वर्ष प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने पश्चात निर्माण हो जाता है तो किसानों के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी लाभकारी होगा। पुरानी बस्ती होते हुए सीधा सांकरा के लिए नवीन मार्ग के रूप में सामने आएगा। जिससे वार्ड क्रमांक 14 ,15, व 13 की न्यूनतम बाजार दर बढ़ जाएगी। रोजगार के नए साधन मिल जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा