विपक्षी दल वक्फ कानून को लेकर जनता को कर रहे हैं गुमराह: उपमुख्यमंत्री

फिरोजाबाद, 7 मई (हि.स.)। प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दल वक्फ कानून को लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनका लक्ष्य है।

उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार को फिरोजाबाद महानगर में भाजपा द्वारा आयोजित 'वक्फ सुधार जागरण अभियान' के तहत अल्पसंख्यक संवाद सभा में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने वक्फ कानून में किए गए संशोधनों को समाज हित में बताया। कहा, यह मुस्लिम समाज और महिलाओं को आर्थिक-सामाजिक मजबूती देगा। नया कानून विरासत और व्यक्तिगत संपत्तियों के अधिकारों की रक्षा करता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग राज्य मंत्री दानिश अंसारी ने 2013 के यूपीए सरकार के वक्फ संशोधन कानून की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पुराने कानून में वक्फ बोर्ड को अनियंत्रित अधिकार मिले थे। नए संशोधन में इन कमियों को दूर किया गया है।

संवाद सभा को विधायक सदर मनीष असीजा, एमएलसी विजय शिवहरे, सूफी हसन कादीर राष्ट्रीय मुस्लिम मंच, काजी सैयद साहब निजाम अली, शहर काजी एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच संयोजक मेहंदी हसन ने संबोधित किया।

संगोष्ठी कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के करीब 500 से ज्यादा पुरुष महिलाओं ने भाग लिया

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर ने की, कार्यक्रम के संयोजक महामंत्री केशव फौजी रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर एस पी लहरी ने किया।

संगोष्ठी उपरांत मुस्लिम धर्म गुरुओं के साथ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की अलग से वार्ता हुई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष नानक चंद अग्रवाल, राकेश शंखवार, आनंद अग्रवाल, अंकित तिवारी, कन्हैया लाल गुप्ता, सदस्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश रेनू गौर, डॉ लक्ष्मी नारायण यादव आदि भाजपाई उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर