एनएचएम कर्मियों की मांगों पर सहमति के बावजूद आदेश जारी नहीं, सांसद को सौंपा ज्ञापन
- Admin Admin
- Oct 10, 2025
धमतरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ जिला इकाई धमतरी के पदाधिकारियों ने 10 अक्टूबर को महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को 10 सूत्री मांगों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की सहमति प्रदान करने के बावजूद आदेश जारी नहीं होने से नाराज होकर ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही हड़ताल के दौरान संघ के बर्खास्त 25 कर्मचारियों के बहाली की मांग की।
शुक्रवार को जिले के दौरे पर धमतरी पहुंची महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी से एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महापौर रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक रंजना साहू उपस्थित थे। संघ के अध्यक्ष डा अखिल चंद्राकर, हरेंद्र देवांगन, डा शमा खान एवं भूपेंद्र देवांगन ने बताया कि अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के सकारात्मक पहल एवं मांगों पर सहमति के बाद हड़ताल स्थगन की घोषणा की गई थी। लेकिन आज दिनांक तक एनएचएम कर्मचारियों के लिए कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है। इसके साथ ही संघ के बर्खास्त 25 कर्मचारियों की बहाली भी नहीं हो पाई है। जिससे 16000 एनएचएम कर्मचारी आक्रोशित है। आगामी त्योहार के पूर्व हड़ताल अवधि की कार्रवाई शून्य करते हुए 25 कर्मचारियों को बहाल किया जाएं। वेतन और अन्य मांग जिस पर सहमति बनी है उनको तत्काल जारी किया जाएं। ताकि सभी एनएचएम कर्मचारी एवं उनके परिवार भी दिवाली त्योहार मना सके। इस दौरान डा मेघराज साहू, तरुणा, खेम देवांगन, नारायण साहू, नोम नारायण, तिलक साहू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



