धूरी डबल मर्डर केस में 8 नामजद समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

संगरूर, 08 जुलाई । धूरी में एक सैलून के अंदर दो युवकों की तेजधार हथियारों से हत्या के मामले में पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अनिल कुमार (27) और देव कुमार (21) पर मंगलवार को धूरी के दीरबा स्थित काकरवाल चौक के पास एक सैलून में घुसकर हमला किया गया। हमले में देव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक देव कुमार के पिता के बयान के आधार पर अशोक कुमार, उसके तीन बेटों लड्डू, सावन और बाबा, प्रिंस और रमन कुमार (विक्की कुमार के बेटे), करण रटौल, रानी तथा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

धूरी के डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात पुरानी व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा है। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में नामजद विक्की कुमार नगर काउंसिल का पूर्व प्रधान रह चुका है। वह फिलहाल एक अन्य मामले में पहले से ही जेल में बंद है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

--------------------------------

   

सम्बंधित खबर