यमुनानगर में जनसंगठनों ने महिला दिवस पर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

यमुनानगर, 8 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू), सर्व कर्मचारी संघ, अखिल भारतीय किसान सभा ने शनिवार को हरियाणा की महिलाओं का एक संयुक्त मांगपत्र उप मंडल अधिकारी सोनूराम के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के नाम सौंपा।
इस मौके पर शनिवार को जन संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि हमारी मांगे हैं कि हरियाणा विधानसभा में महिलाओं को हर महीने 2100 रूपये देने का भाजपा का वायदा तुरंत पूरा किया जाए। सभी कार्यस्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए। महिलाओं के लिए नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए।
आंगनवाड़ी, आशा, मिड डे मील, स्क्रैच मदर ग्रुप आदि के तौर पर काम कर रही सभी महिलाओं का रोजगार पक्का किया जाए। मनरेगा का बजट बढ़ाया जाए। प्रतिदिन 600 रूपये मजदूरी व 200 दिन का काम सुनिश्चित किया जाए और घरेलू काम को भी मान्यता दी जाए। महिलाओं का भूमि व संपत्ति का अधिकार सुनिश्चित किया जाए। एमएसपी लागू करने की कानूनी गारंटी दी जाए। चारों लेबर कोड व बिजली संशोधन बिल वापस लिया जाए।
परिवार पहचान पत्र कार्ड व अन्य शर्तों को हटाकर सभी जरूरतमंद परिवारों को दो रूपये प्रति किलो के हिसाब से 35 किलो अनाज हर महीने दिया जाए। केरल सरकार की तर्ज पर राशन डिपुओं पर 14 राशन की चीजें दी जाए। रसोई गैस व अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी वापस ली जाए। सभी के लिए मुफ्त शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित की जाए। सभी के लिए सस्ता आवास, साफ पीने का पानी, सस्ती बिजली आदि नागरिक सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग