डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दी श्रद्धांजलि

जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने जयपुर स्थित अपने राजकीय आवास पर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए।

इस अवसर पर मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रखर राष्ट्रवादी नेता थे, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण एवं अभिन्न अंग बनाने के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने संसद में धारा 370 को समाप्त करने की जोरदार वकालत की थी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1953 में डॉ. मुखर्जी बिना परमिट जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर निकले थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 23 जून 1953 को हिरासत के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया और बाद में परमिट व्यवस्था समाप्त कर दी गई।

मंत्री ने इस दौरान डॉ. मुखर्जी के प्रसिद्ध नारे एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का भी उल्लेख किया।

दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके जीवन से राष्ट्रप्रेम तथा देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

---------------

   

सम्बंधित खबर