उत्तर बंगाल दौरा खत्म कर कोलकाता लौटे मंत्री दिलीप घोष, तृणमूल पर साधा निशाना
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
सिलीगुड़ी, 14 जून (हि. स.)। उत्तर बंगाल का दौरा समाप्त कर पंचायत मंत्री दिलीप घोष रविवार अपनी पत्नी के साथ कोलकाता लौट गए। दार्जिलिंग से बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कई राजनीतिक मुद्दों पर बयान दिया। अभिषेक बनर्जी से पूछताछ को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है, आगे और भी कई लोगों से पूछताछ होगी। जिन लोगों ने जो किया है, उन्हें उसका परिणाम भुगतना होगा। बहुत से लोग इसमें शामिल हैं और उनका समय भी आएगा।
वहीं, तृणमूल नेता काकली दस्तीदार के घर भोजन करने को लेकर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है और भाजपा को इससे कोई मतलब नहीं है।
तृणमूल कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह पर कटाक्ष करते हुए घोष ने कहा कि हम पहले ही कह चुके हैं कि हार के बाद पार्टी बिखर जाएगी और अब वही होता दिख रहा है।
तृणमूल सांसद सुदीप बनर्जी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कौन किसका समर्थन कर रहा है, यह उनका आंतरिक मामला है। संसद में वे जो उचित समझेंगे, वही कहेंगे।

