मंत्री बनने के बाद कूचबिहार पहुंचीं मालती रावा राय, भव्य रोड शो
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
कूचबिहार, 04 जून (हि. स.)। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने गृह जिले कूचबिहार पहुंचीं मालती रावा राय का गुरुवार को जोरदार स्वागत किया गया। बागडोगरा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह सड़क मार्ग से कूचबिहार पहुंचीं, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। शहर में उनके आगमन पर खुले वाहन में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और समर्थकों की भीड़ से पूरा कूचबिहार शहर गूंज उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़कों पर उतरकर उनका स्वागत किया।
शोभायात्रा के बाद मंत्री सीधे मदनमोहन मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य और जनता की खुशहाली की कामना की। तुफानगंज विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद मालती रावा राय को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री बनाया गया है।
इस मौके पर उन्होंने अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तुफानगंज के विकास के लिए कई जनहितकारी कार्य उनकी प्राथमिकता में है। इनमें जालधोआ पुल का निर्माण, महिला थाना की स्थापना और महकमा अस्पताल में ब्लड बैंक की व्यवस्था शामिल है।
मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करना ही मेरा पहला लक्ष्य है। राजनीतिक हलकों में उनके इस विकासात्मक एजेंडे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

