राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला जज ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

पूर्वी चंपारण,05 मार्च (हि.स.)।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार 8 मार्च को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला जज देवराज त्रिपाठी ने एक दर्जन प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया।
उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन जिला के सुदूर गांवों में जाकर लोगों को विधिक जानकारी एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक करेगी। वहीं प्राधिकार के सचिव सह सब जज राजेश कुमार दूबे ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पक्षकारों को कोई समस्या नहीं हो इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। मौके पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकुंद कुमार, दुष्यंत कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी, प्रथम अपर मुख्य न्यायाधीश रंजन कुमार सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार