सारण, 30 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में ग्रामीण कार्य विभाग की एक बैठक आयोजित की गई।
जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्रामीण सड़कों पर, विशेषकर अवैध बालू के परिवहन में लगे भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन को प्रभावी ढंग से रोका जाए।
उन्होंने कहा कि सड़कों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के सारण जिले के चारों कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में उपयुक्त स्थलों की पहचान कर हाइट बैरियर लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। इन स्थलों के तकनीकी विश्लेषण के बाद सूची विभाग को भेजी जाएगी और जरूरत के अनुसार हाइट बैरियर स्थापित किए जाएंगे, जिससे सड़कों की आयु और सुरक्षा बढ़ेगी।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने सुलभ संपर्कता के लिए तैयार नई ग्रामीण सड़कों की सूची का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता निर्धारण करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राथमिकता तय करते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों से फीडबैक जरूर लिया जाए, ताकि जनता की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप सड़कों का चयन हो सके।
सड़कों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं से अद्यतन सूची मांगी है, जिसका सत्यापन प्रखंड स्तर के अधिकारियों से कराया जाएगा। साथ ही, सड़कों पर जलजमाव वाले हॉटस्पॉट की पहचान के लिए जियो-टैग्ड फोटोग्राफ के साथ सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है ताकि वहां नाला निर्माण की कार्ययोजना बनाई जा सके। जमीन संबंधी या स्थानीय विवादों के कारण लंबित परियोजनाओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि बाधाओं की सूची सौंपे, ताकि सीओ, बीडीओ और एसडीओ के माध्यम से उनका त्वरित समाधान कराया जा सके। बैठक में चारों कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
---------------

