बाड़े से पकड़ा डेढ़ क्विंटल से ज्यादा डोडा चूरा, एक किलो से ज्यादा अफीम भी बरामद, कांग्रेस नेता के खिलाफ प्रकरण दर्ज

चित्तौड़गढ़, 12 मई (हि.स.)। जिले की कपासन थाना पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बाड़े से 150 किलो बिना चीरा लगा डोडा और करीब डेढ़ किलो अफीम बरामद की है। इसके साथ ही एक टोपीदार बंदूक जब्त की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में क्षेत्रीय कांग्रेस नेता के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत एएनटीएफ से सूचना प्राप्त हुई कि धमाणा निवासी लोकेश पुत्र नानूराम के बाड़े में बिना चीरा लगा डोडा रखा है। इसके तस्करी होने की संभावना है। इस पर कपासन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमाणा स्थित बाड़े में तलाशी ली। यहां बाड़े की तलाशी में एक कमरे में चार बोरों में बिना चीरा लगा डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने इसका वजन 151 किलो 640 ग्राम हुआ। वहीं एक टोपीदार बंदूक भी बरामद की गई। इसी दौरान पुलिस द्वारा और तलाशी करने पर एक स्टील के डब्बे में 1 किलो 475 ग्राम अफीम भी बरामद हुई। मौके पर मौजूद लोकेश जाट के पिता नानूराम से इस संबंध में पूछताछ की तो उनके पास कोई लाइसेंस नहीं होना पाया गया। इस पर कपासन थाने पर 8/15, 8/18 और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नानूराम पुत्र भगवानलाल जाट काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस की और से जब्त किया गया डोडा बिना चीरा लगा हुआ मिला जो सीपीएस पद्धति का पाया गया है। सीपीएस डोडो का तौल होने के बाद बिना चीरा लगा डोडा मिलना गंभीर मामला माना गया है और इस मामले में धमाणा निवासी कपासन के कांग्रेस नेता लोकेश जाट के विरूद्ध भी मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच राशमी थानाधिकारी रतनसिंह को सौंपी गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर