दिन का तापमान बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त, लोग हलकान

धमतरी, 23 अप्रैल (हि.स.)। इन दिनों पड़ रही तेज गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अप्रैल माह में तेज धूप से लोग विचलित हैं। तापमान का पारा 42 डिग्री को पार कर रहा है। गर्मी बढ़ने से कूलर व पंखा भी काम नहीं कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी और बढ़ने की आशंका है। दोपहर होते-होते सड़क सूनी होने लगती है।

दिन का तापमान बढ़ने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। दोपहर एक बजे के बाद शहर की व्यस्त रहने वाली सड़के भी सूनी होने लगी है। आम इंसान के साथ ही पशु पक्षियों पर भी इस तेज गर्मी का व्यापक असर पड़ रहा है। इन दिनों दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मार्च के दूसरे पखवाड़े से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया जो अब तक जारी है। अब अप्रैल माह में गर्मी तेजी के साथ बढ़ रही है। सुबह 10 बजते ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं। ऐसे में बिना स्कार्फ और चश्मा टोपी के बाहर निकलना दूभर होने लगा है। सुबह 10 बजे के बाद से तापमान बढ़ते हुए दोपहर एक बजे तक पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियां हो रही है। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग दोपहर के समय आना जाना कर रहे हैं। दोपहर की बजाय शाम के समय शहर का मार्केट गुलजार होने लगा है। इन दिनों शादी सीजन के चलते खरीदी के लिए काफी तादाद में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग शहर पहुंच रहे हैं।

ज्यादातर भीड़ शाम के समय दुकानों में दिखाई पड़ रही है। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए शहर के चौक चौराहों पर खुली हुई गन्ना रस की दुकानें और कुल्फी ठेलों के पास लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। कई आइसक्रीम की दुकानें तो रात के 11 बजे तक खुली रहती हैं, जहां लोग आइसक्रीम खरीदने पहुंचते हैं। तेज गर्मी का असर आम जनता के साथ ही साथ पशु पक्षियों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में समाजसेवी और जागरूक लोगों द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों में रखे गए कोटना उपयोगी साबित हो रहे हैं। तेज गर्मी के बीच इनमें रखे पानी को जानवर पीने पहुंच रहे हैं। पक्षी प्रेमी कुछ संस्थाओं द्वारा शहर के वार्डों में इन दिनों पक्षियों के लिए सकोरा रखने का प्रयास जारी है। उल्‍लेखनीय है कि गर्मी के मौसम में चिड़ियों के लिए पानी उपलब्ध कराने कई सालों से प्रयास जारी है।

जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि हीट वेव (लू) की वजह से शरीर की कार्य-प्रणाली प्रभावित हो जाती है। जिससे जान का भी खतरा रहता है। लू से लोगों को सुरक्षित रहना बहुत जरूरी है। लू से बचने के लिए थोड़ी सी सावधानी को अपनाकर इससे बचा जा सकता है। हमेशा धूप में निकलते समय पूरा बांह वाला कपड़ा पहने इसके अलावा आंखों में सनग्लास जरूर लगाएं। अधिक मात्रा में पानी पीएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर