पत्नी और पालतू कुत्ते की मौत, होम्योपैथिक डॉक्टर की हालत गंभीर, जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश का संदेह
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। द्वारका जिले के बिंदापुर इलाके में एक दंपती द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना में 55 वर्षीय महिला और उनके पालतू कुत्ते की मौत हो गई, जबकि महिला के पति, जो पेशे से होम्योपैथिक डॉक्टर हैं, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात 2:49 बजे बिंदापुर थाना पुलिस को इंदिरा पार्क स्थित एक मकान में पति-पत्नी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो 55 वर्षीय जसप्रीत कौर मृत मिलीं, जबकि उनके 56 वर्षीय पति रिछपाल अचेत अवस्था में पड़े थे। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जसप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया। रिछपाल का दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राथमिक पूछताछ में रिछपाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने 29 जून की सुबह करीब 11:30 बजे कीटनाशक पीकर जीवन समाप्त करने का फैसला किया था। पुलिस को घर के अंदर दंपती का पालतू कुत्ता भी मृत मिला। आशंका है कि उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दंपती के पारिवारिक, सामाजिक और पेशेवर जीवन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। द्वारका जिला पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है। रिछपाल के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------

