
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले द्वारका सेक्टर-23 इलाके में एक बेटे ने अपनी मां को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। परिवार वालों ने घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं
अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को परिवार ने गुमराह करने की कोशिश की।
परिवार ने बताया कि घायल 52 वर्षीय अंनीता अपने घर का मुख्य द्वार बंद कर रही थी। तभी किसी अज्ञात ने उन्हें गोली मार दी है। जांच के दौरान महिला के बेटे अभिषेक की भूमिका सामने आई। सख्ती पूछताछ करने पर आरोपित ने अपनी मां को गोली मारने की बात कबूल की। जांच में पता चला है कि आरोपित पर पहले से ही गैर इरादतन हत्या के प्रयास, छेडछाड़ समेत छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर एक पेड़ के पास से हथियार बरामद किया है। इसके अलावा खून साफ करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला गीला पोछा भी पुलिस ने बरामद किया है। द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे अस्पताल से सूचना मिली कि धुलसिरस गांव में एक महिला काे गाेली मारी है। उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी