सेवानिवृत्त ईसीएल कर्मी की मौत, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार

पश्चिम बर्दवान, 13 जून (हि. स.)। कुल्टी थाना के नियामतपुर पुलिस चौकी अंतर्गत टहरम निवासी एवं ईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी अपराद बाउरी (61) गुरुवार को नियामतपुर के डैडी इलाके में अचेत अवस्था में पाए गए थे। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।

परिजनों द्वारा इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित अशोक नुनिया को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे पुलिस रिमांड में भेज दिया।

परिवार का दावा है कि स्थानीय निवासी एवं कथित सूद कारोबारी अशोक नुनिया ने अपराद बाउरी के पैसे और महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में रख लिए थे। इसी विवाद के कारण उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने नियामतपुर–इस्को बाइपास के टहरम मोड़ पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर