अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत रिषड़ा में 100 लाभार्थियों को मिला योग्यता प्रमाण पत्र

हुगली, 03 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना की औपचारिक शुरुआत कर दी। इस योजना के तहत राज्य की योग्य महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा घरेलू खर्चों एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्रदान करना है।

इसी क्रम में रिषड़ा के रवींद्र भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में अन्नपूर्णा भंडार योजना के 100 लाभार्थियों को योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सभी योग्य लाभार्थियों के बैंक खातों में शीघ्र ही योजना के तहत निर्धारित सहायता राशि भेजी जाएगी।

इस अवसर पर रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा, वाइस चेयरमैन जाहिद हसन खान, पार्षद शशि सिंह झा, पार्षद मनोज सिंह, पार्षद सुख सागर मिश्रा, नगरपालिका के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर, फाइनेंस ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। अन्नपूर्णा भंडार योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता प्राप्त होगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर