भारत-कंबोडिया मानव तस्करी और साइबर ठगी नेटवर्क पर ईडी की छापेमारी
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने भारत और कंबोडिया से जुड़े मानव तस्करी तथा साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ बुधवार को पंजाब और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर छापेमारी अभियान चलाया। जांच एजेंसी ने यह कार्यवाई संगठित गिरोह मानव तस्करी, साइबर धोखाधड़ी और इन अपराधों से अर्जित धन के शोधन के ख़िलाफ अभियान के तहत की।
ईडी ने बताया कि एजेंसी की दिल्ली क्षेत्रीय इकाई-1 (डीएलजेडओ-1) द्वारा की जा रही यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले से संबंधित है। एजेंसी ने दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी और आरोपपत्रों के आधार पर प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के अनुसार, गिरोह से जुड़े लोग भारत में भर्ती एजेंटों और बिचौलियों के रूप में काम करते थे। ये आरोपी विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर लोगों को कंबोडिया भेजते थे। वहां पहुंचने के बाद पीड़ितों को कथित तौर पर साइबर ठगी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता था।
ईडी की तलाशी उन व्यक्तियों के आवासीय परिसरों पर केंद्रित है, जिन्होंने कथित रूप से पीड़ितों की भर्ती कर उन्हें रोजगार के नाम पर कंबोडिया भेजने में भूमिका निभाई। एजेंसी इस बात की भी जांच कर रही है कि साइबर धोखाधड़ी से अर्जित धन को किस प्रकार विभिन्न माध्यमों से वैध दिखाने का प्रयास किया गया।
ईडी ने कहा कि मामले में जांच जारी है और तलाशी अभियान के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------

