सिरमौर वासियों से स्वगणना का विकल्प अपनाने का आग्रह
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
नाहन, 02 जून (हि.स.)। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने भारत सरकार के गृह मामले मंत्रालय के जनगणना निदेशालय द्वारा हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में चलाए जा रहे जनगणना-2027 कार्यक्रम के तहत सिरमौर वासियों से स्वगणना का विकल्प अपनाने का आग्रह किया है। उपायुक्त ने स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना विकल्प अपनाते हुए पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर प्रक्रिया की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि 01 जून से 15 जून 2026 तक स्वगणना पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर कोई भी व्यक्ति स्वगणना कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वगणना एक विशेष सुविधा है, जो केवल 15 दिनों के लिए ही उपलब्ध रहेगी। इच्छुक व्यक्ति स्वयं अपना और अपने परिवार का विवरण डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकते है।
उन्होंने जिला के सभी नागरिकों से स्वगणना का विकल्प अपनाकर जनगणना अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर जानकारी दर्ज करने से आगामी सर्वेक्षण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाया जा सकेगा।
---------------

