महेश जोशी ही नहीं जेजेएम घोटाले में शामिल अफसरों को भी पकड़े ईडी: किरोडी लाल
- Admin Admin
- Apr 25, 2025

जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। जल जीवन मिशन घोटाले में पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी के बाद सियासत भी तेज हो गई है। सियासी वार पलटवार के बीच अब कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने जल जीवन मिशन घोटाले में शामिल अफसरों को पकड़ने की मांग की है।
किरोड़ी ने कहा कि मैं प्रवर्तन निदेशालय से कहना चाहता हूं। उस वक्त जो हैड ऑफ डिपार्टमेंट थे, टॉप लेवल पर जो ब्यूरोक्रेट बैठे थे। उनके भी प्रमाण दिए हैं, केवल महेश जोशी को पकड़कर इतिश्री न हो। जिन अफसरों ने जेजेएम में भ्रष्टाचार किया वे पकड़े जाएं। किरोड़ी ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
किरोड़ी ने कहा कि पहले कहा गया मगरमच्छ नहीं पकड़े जा रहे। 60 थानेदार पकड़े गए, एक आरएएस पकड़ा गया। जल जीवन मिशन में घोटाला हमने उजागर किया था। मैंने तीन दिन तक अशोकनगर थाने पर एफआईआर दर्ज करने के लिए धरना दिया था, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की। उल्टा मुझे गिरफ्तार करके ले गए। मुझे बड़ी संतुष्टि है कि हमारी केंद्र और राज्य की सरकार करप्शन पर जीरो टॉलरेंस में भरोसा करती है। देर हुआ, लेकिन अंधेर नहीं हुआ। आखिरकार महेश जोशी जिनके प्रमाण मैंने ईडी को दिए थे, वो सही पाए गए और उनको गिरफ्तार किया गया।
महेश जोशी के खिलाफ सबूत थे, राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई नहीं
महेश जोशी के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई के कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर किरोड़ी ने कहा कि इसे राजनीतिक प्रतिशोध इसलिए नहीं कहा जा सकता कि डेढ़ साल पहले जो शिकायत ली गई। उसमें बड़ी गहराई से जांच करने के बाद में यह कार्रवाई की है। आनन फानन में महेश जोशी को गिरफ्तार करते तो आप यह कह सकते थे। इसमें श्याम ट्यूबवेल कंपनी, गणपति ट्यूबवेल कंपनी की गड़बड़ी और पदम जैन गिरफ्तार हुआ है। उनका सहयोगी संजय बढ़ाया था। वह गिरफ्तार होने के बाद ईडी ने गहराई से जांच की। इसमें कोई राजनीति नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री राजनीति करने के लिए भाषण दे रहे हैं। पूरा प्रदेश यह मानता है, जल जीवन मिशन में भयंकर घोटाला हुआ है। 20 हजार करोड़ के टेंडर फाइनेंस कमेटी ने पास किए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश